
*बिछियारी नदी में डूबे युवक का शव बरामद, 10 वर्षीय बालक की तलाश जारी*
*बिछियारी नदी में डूबे युवक का शव बरामद, 10 वर्षीय बालक की तलाश जारी*
*बालक को बचाने के लिए नदी में कूदे थे राजकुमार, दो दिन बाद बरामद हुआ शव*
बीजपुर/सोनभद्र (संदीप राय )
स्थानीय थाना क्षेत्र के रजमिलान गांव में मंगलवार को बिछियारी नदी के तेज बहाव में बहे दो लोगों में से एक राजकुमार का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। वहीं, नदी में बहे 10 वर्षीय बालक लल्लू उर्फ राजू की तलाश अब भी जारी है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर नीरज, समयलाल और 10 वर्षीय लल्लू उर्फ राजू बिछियारी नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज धारा में लल्लू बहने लगा। बालक को बचाने के लिए गांव निवासी करीब 50 वर्षीय राजकुमार पुत्र बहादुर नदी में कूद पड़े। तेज बहाव के कारण राजकुमार भी बालक के साथ नदी में बह गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। लगातार दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह करीब सात बजे राजकुमार का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं, 10 वर्षीय लल्लू उर्फ राजू का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश में गोताखोरों की मदद ली जा रही है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नदी में तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।घटना के बाद से रजमिलान गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण और परिजन बालक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।











