
*मजदूरी कराने के बाद पति से मारपीट का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंची बेटियों को भी पीटा*
*मजदूरी कराने के बाद पति से मारपीट का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंची बेटियों को भी पीटा*
•~ जातिसूचक अपशब्द, दांत से काटने और जानमाल की धमकी देने का लगाया आरोप; चोपन पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। थाना चोपन क्षेत्र के गुरमा चौकी अंतर्गत मारकुंडी करगरा मोड़ निवासी कमली देवी पत्नी नरेश भारती ने प्रभारी निरीक्षक चोपन को प्रार्थना पत्र देकर मारपीट, जातिसूचक अपशब्दों के प्रयोग, बेटियों के साथ अभद्रता तथा जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना 9 सितंबर 2026 की शाम करीब तीन बजे की बताई गई है। कमली देवी का कहना है कि वह अपने मायके गई हुई थीं और घर पर उनके पति नरेश भारती तथा दो पुत्रियां मौजूद थीं। आरोप है कि प्रदीप सिंह और उनकी पत्नी मीना देवी नरेश भारती को अपने मकान की मरम्मत के लिए मजदूरी कराने ले गए थे। दिनभर मजदूरी कराने के बाद शाम के समय विवाद शुरू हो गया।पीड़िता का आरोप है कि प्रदीप सिंह द्वारा शराब के नशे में उसके पति से विवाद किया गया तथा बाद में उनकी पत्नी मीना देवी के साथ मिलकर लाठी-डंडे से मारपीट की गई। शोर सुनकर दोनों पुत्रियां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई और बाल पकड़कर घसीटते हुए दीवार से दबाया गया तथा दांत से काट लिया गया, जिससे एक पुत्री के घायल होने की बात प्रार्थना पत्र में कही गई है।
कमली देवी ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद विपक्षियों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को झूठे एवं मनगढ़ंत मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। साथ ही देख लेने तथा जानमाल की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में विपक्षियों के व्यवहार को दबंगईपूर्ण बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। अब देखना है कि पुलिस जांच के बाद मामले में क्या कार्रवाई करती है।











