
*करमा थाने में गूंजी शांति और सुरक्षा की हुंकार, अपराध पर शिकंजा कसने का संकल्प*
*करमा थाने में गूंजी शांति और सुरक्षा की हुंकार, अपराध पर शिकंजा कसने का संकल्प*
•~ पीस कमेटी की बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने पर मंथन
•~ चोरी समेत आपराधिक घटनाओं के शीघ्र खुलासे पर पुलिस का जोर,पुलिस-जनता ने मिलाया कदम से कदम
करमा, सोनभद्र( विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )
थाना करमा परिसर में बुधवार को पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधि, पत्रकार, समाजसेवी, कार्यकर्ता मौजूद रहे। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस एवं नागरिकों के बीच विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श हुआ।बैठक के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द कायम रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा असामाजिक गतिविधि को बढ़ावा न मिलने पाए, इसके लिए सभी को सतर्क और जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।
*अपराधियों पर रहेगी पैनी नजर*
बैठक में क्षेत्र में पूर्व में घटित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। चोरी सहित अन्य घटनाओं के शीघ्र खुलासे तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
*पुलिस ने मांगा जनता का सहयोग*
थाना प्रभारी कमलेश कुमार पाल ने क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।बैठक में मौजूद लोगों ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं आमजन के बीच समन्वय को और मजबूत करना रहा।











