
*चंदौली में बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 2.5 क्विंटल गांजा बरामद, ₹1.25 करोड़ है कीमत*
*चंदौली में बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 2.5 क्विंटल गांजा बरामद, ₹1.25 करोड़ है कीमत*
चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो
चंदौली में अलीनगर पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कटरिया सर्विस लेन के पास एक कंटेनर से 2 क्विंटल 51 किलो गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत करीब ₹1.25 करोड़ आंकी गई है।
झारखंड के बोकारो निवासी आरोपी बजरंग कुमार सिंह कंटेनर के केबिन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स में गांजा छुपाकर ला रहा था। कुल 120 बंडलों में यह अवैध खेप छिपाकर रखी गई थी।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी झारखंड से गांजा लेकर रामनगर क्षेत्र में किसी मंटू सिंह नामक व्यक्ति को डिलीवरी देने आ रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे से भरा कंटेनर, एक मोबाइल फोन, आधार, निर्वाचन कार्ड, एटीएम कार्ड और ₹900 नकद बरामद किए हैं।
अलीनगर थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।











