
*सोनांचल की हसीन वादियों में उमड़ा सैलानियों का सैलाब*
*सोनांचल की हसीन वादियों में उमड़ा सैलानियों का सैलाब*
•~ हरी-भरी पहाड़ियों, झरनों और बांधों के मनोरम दृश्यों के बीच सैलानी उठा रहे खुशनुमा मौसम का भरपूर आनंद
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र।बरसात के मौसम में सोनांचल की प्राकृतिक खूबसूरती अपने पूरे शबाब पर है। हल्की बारिश, बादलों की अठखेलियां, पहाड़ों पर छाई हरियाली और खुशनुमा मौसम इन दिनों सैलानियों को अपनी ओर खासा आकर्षित कर रहा है। जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर प्रकृति के मनोहारी दृश्यों का आनंद उठा रहे हैं। अवकाश के दिनों में इन पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ और बढ़ जाती है।मुक्खा जलप्रपात हो या कैमूर वन्यजीव विहार क्षेत्र का महुअरिया, धंधरौल बांध हो अथवा नगवां बांध इन दिनों लगभग हर प्रमुख पर्यटन स्थल पर सैलानियों की चहल-पहल दिखाई दे रही है। सोन ईको प्वाइंट, कोराई घाट, मिनी गोवा अवाड़ी और पंचमुखी जैसे मनोरम स्थलों पर भी लोग परिवार और मित्रों के साथ पहुंचकर प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं।
*धंधरौल बांध पर उमड़ी भीड़, पिकनिक का दिखा उत्साह*
धंधरौल बांध पर सैलानियों की काफी भीड़ रही। बांध के तट से दूर तक फैले जल और आसपास की हरी-भरी पहाड़ियों का मनोरम दृश्य देखकर लोग मंत्रमुग्ध नजर आए। कई परिवारों और युवाओं ने मौके पर ही विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए और बाटी- चोखा, दाल, खीर, सलाद आदि का स्वाद लिया। युवाओं में पिकनिक के दौरान वीडियो और रील बनाने को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिला।प्राकृतिक सौंदर्य के बीच युवाओं की टोलियां मस्ती करती नजर आईं। संगीत की धुन पर कई युवा थिरकते भी दिखाई दिए। युवतियां और महिलाएं भी इस खुशनुमा माहौल का आनंद उठाती नजर आईं। हालांकि, पर्यटन स्थलों की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए सैलानियों से प्लास्टिक व अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकने की अपील भी जरूरी है।
*बादलों से ढकी पहाड़ियां बनीं आकर्षण का केंद्र*
बरसात के इस मौसम में सोनांचल की घाटियों का प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर गया है। पहाड़ों की चोटियों से टकराते बादल, चारों ओर फैली मनमोहक हरियाली और बारिश के बाद वातावरण में घुली ताजगी प्रकृति प्रेमियों को खासा आकर्षित कर रही है। कई स्थानों पर ऐसा दृश्य दिखाई देता है मानो बादल पहाड़ियों को अपने आगोश में समेट रहे हों।प्रकृति की इस अनुपम छटा को देखने के लिए दूर-दराज से भी लोग पहुंच रहे हैं। मोबाइल कैमरों में मनोरम दृश्यों को कैद करने के साथ ही सैलानी इन पलों को यादगार बनाने के लिए वीडियो और रील भी बना रहे हैं।
*सैलानियों ने कहा—प्रकृति के बीच घूमने का आनंद ही अलग*
धंधरौल बांध के समीप पिकनिक मनाने पहुंचे सेवालाल, विनय, महेश, राजेश, रविंद्र कुमार ‘सोनू’ और डीएसके ने बताया कि इन दिनों सोनांचल की हरी-भरी वादियों में घूमने का आनंद ही अलग है। चारों तरफ फैली हरियाली, पहाड़ों का मनमोहक दृश्य और बारिश के बाद का खुशनुमा मौसम मन को सुकून देता है। सोनभद्र की प्राकृतिक छटा को देखकर ऐसा महसूस होता है जैसे प्रकृति ने यहां अपना अलग ही संसार बसा रखा हो।सोनांचल की यही प्राकृतिक सुंदरता इन दिनों पर्यटकों को बार-बार अपनी ओर खींच रही है और बरसात का मौसम इस खूबसूरती में चार चांद लगा रहा है।











