
*मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग महिला,छात्रा गंभीर रूप से घायल*
*मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग महिला,छात्रा गंभीर रूप से घायल*
चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो
नौगढ़: स्थानीय तहसील क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया गांव में मधुमक्खियों के एक उग्र झुंड ने अचानक हमला कर एक 12 वर्षीय स्कूली छात्रा और उसे बचाने गई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। चन्द्रावती का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार
डुमरिया गांव की 12 वर्षीय छात्रा कुसुम स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी, तभी रास्ते में मधुमक्खियों के एक झुंड ने उसे घेर लिया और डंक मारने लगे। हमले से घबराई बच्ची बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
भैंस चराने गई 70 वर्षीय चंद्रावती देवी (पति: मोती यादव) निवासी बटोवा ने जब यह देखा, तो वह तुरंत बच्ची की मदद के लिए दौड़ीं। जैसे ही चंद्रावती मदद के लिए पहुंचीं, मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर भी धावा बोल दिया और बुरी तरह डंक मारे।
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना चंद्रावती के बेटे महेश यादव और छात्रा के परिजनों को दी। महेश ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अपनी मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज जारी है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।











