*चार दिन बाद खदान के गहरे पानी में मिला तीन वर्षीय मासूम विशाल का शव, घर मे मचा कोहराम !*

*चार दिन बाद खदान के गहरे पानी में मिला तीन वर्षीय मासूम विशाल का शव, घर मे मचा कोहराम !*
•~ घर में सोते समय हुआ था लापता, दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर बरामद किया शव; हिरासत में लेकर आरोपी से पूछताछ और विधिक कार्रवाई में जुटी पुलिस

*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*

गुरमा-सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के गुरमा नगर स्थित वार्ड नंबर-09 की आदिवासी बस्ती से चार दिन पूर्व लापता हुए तीन वर्षीय मासूम बालक विशाल का शव रविवार की सुबह गुरमा स्थित पूर्व सीमेंट फैक्ट्री की खदान के गहरे पानी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम की हत्या कर शव को पानी में छिपाए जाने की आशंका के बीच पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर शव बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-09 निवासी राम सिंह का तीन वर्षीय पुत्र विशाल बुधवार की रात घर में सोते समय अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर उसकी मां मंजू देवी पत्नी राम सिंह ने गुरमा पुलिस चौकी में तहरीर देकर बच्चे की तलाश और आवश्यक कार्रवाई की गुहार लगाई थी। मासूम के लापता होने की खबर फैलते ही आदिवासी बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया था। परिजन लगातार बच्चे की सकुशल वापसी की आस लगाए बैठे थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए चोपन पुलिस और गुरमा चौकी पुलिस लगातार तलाश में जुटी रही।पुलिस के अथक प्रयास और दो दिनों की सघन छानबीन के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर रविवार की सुबह पूर्व सीमेंट फैक्ट्री की खदान के काला पानी क्षेत्र में, आदिवासी बस्ती से कुछ ही दूरी पर गहरे पानी में मासूम का शव बरामद किया गया।शव बरामद होते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।जिस बच्चे की सकुशल वापसी के लिए पूरा परिवार दुआएं कर रहा था,उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।शव बरामदगी के दौरान चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, गुरमा पुलिस चौकी

प्रभारी श्री प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।तीन वर्षीय मासूम की इस दर्दनाक मौत से गुरमा क्षेत्र में शोक की लहर है। क्षेत्रवासियों ने घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles