
*छठी मइया की भक्ति में डूबा सोनभद्र, घाघर नदी के घाट पर उमड़ा श्रद्धा का महासैलाब!*
*छठी मइया की भक्ति में डूबा सोनभद्र, घाघर नदी के घाट पर उमड़ा श्रद्धा का महासैलाब!*
•~ डबते-उगते सूर्य को अर्घ्य, आस्था के महासागर में उतरा पूरा इलाका ,घाटों पर उमड़ा जन सैलाब, छठी मइया के जयकारों से गूंज उठा इलाका!
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता सेराज अहमद /अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। सूर्योपासना, अटूट श्रद्धा और लोक आस्था का अनुपम संगम माने जाने वाला चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे सोनभद्र जनपद में परंपरागत हर्षोल्लास, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। मारकुंडी,अवई सलखन, गुरमा, मीना बाजार, करगरा मोड़,केवटा,रजधन सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित नदी घाटों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा इलाका छठी मइया की भक्ति में सराबोर नजर आया। विशेष रूप से मारकुंडी स्थित पावन घाघर नदी के घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया।नहाय-खाय और खरना की पवित्र परंपराओं के साथ शुरू हुए इस महापर्व में व्रती महिलाओं और पुरुषों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखकर पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की आराधना की।अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य और दूसरे दिन उदीयमान सूर्य को अंतिम अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण की कामना की। इसी के साथ लोक आस्था का यह महान पर्व श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हो गया।
*छठी मइया के गीतों से गूंज उठे घाट, भक्ति के रंग में रंगा पूरा इलाका*
महापर्व को लेकर सुबह से ही नदी और सरोवरों की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। सिर पर फलों, नारियल, गन्ने, ठेकुआ और पूजन सामग्री से सजे दउरा-सूप लेकर घाटों की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं का दृश्य देखते ही बन रहा था। वहीं महिलाओं की टोलियां पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से छठी मइया की महिमा का गुणगान करती नजर आईं। गन्ने से बने आकर्षक मंडप, दीपों की जगमगाहट और भक्तिमय गीत-संगीत ने घाटों को अलौकिक छटा प्रदान की।अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान व्रतियों ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए भोर होते ही घाटों पर एक बार फिर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। चारों तरफ छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक मंगल गीतों से वातावरण गूंजायमान रहा।
*सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक दिखी व्यवस्था, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद*
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पूजा समितियों और प्रशासन की ओर से घाटों पर प्रकाश, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन भी पूरे पर्व के दौरान सतर्क नजर आया। चोपन थाना निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता तथा गुरमा चौकी प्रभारी श्री प्रकाश अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और विभिन्न छठ घाटों की व्यवस्था का जायजा लेते रहे।पुलिस की सक्रियता और स्थानीय समितियों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी।
*आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देकर विदा हुआ छठ महापर्व एक बार फिर सोनभद्र की लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और धार्मिक समरसता की अद्भुत तस्वीर पेश कर गया।*











