
*अकड़हवा पोखरे से लेकर प्रमुख घाटों तक गूंजे पारंपरिक छठ गीत, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य*
*अकड़हवा पोखरे से लेकर प्रमुख घाटों तक गूंजे पारंपरिक छठ गीत, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य*
चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ की छटा इन दिनों पूरे जनपद में अनूठे उत्साह के साथ बिखरी हुई है। ‘नहाय-खाय’ और ‘खरना’ के अनुष्ठानों के बाद रविवार की शाम महापर्व अपने चरम पर पहुंच गया। जनपद के नदी तटों, तालाबों और कृत्रिम कुंडों पर उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब ने इस पर्व को और अधिक भव्य बना दिया।
*अकड़हवा पोखरे पर दिखा विशेष उल्लास*
नौगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत मलेवर स्थित अकड़हवा पोखरा पर छठ महापर्व का बेहद भव्य आयोजन देखने को मिला। यहां सैकड़ों की संख्या में व्रतियों ने अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य देकर अपने परिवार, समाज और गांव की सुख-समृद्धि व मंगल कामना की। व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ग्राम प्रधान कमलेश सिंह की ओर से शुद्ध पेयजल, बैठने के प्रबंध और आकर्षक चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। और वृतियों को प्रसाद का पैकेट वितरित किया।घाट पर बेहतरीन साफ-
सफाई, सुरक्षा की जिम्मेदारी छठ पूजा समिति मलेवर(संत केशरी ,शिव प्रसाद, वीरेन्द्र सिंह, कर्मवीर आदि) ने बखूबी निभाया।आकर्षक लाइट डेकोरेशन से पूरा परिसर जगमगा उठा था। चन्दौली जिले के सभी प्रमुख क्षेत्रों—डी डी यू नगर, चकिया,सकलडीहा, चहनिया, नौगढ़ और बबुरी—में घाटों को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और दीपों से भव्य रूप से सजाया गया था। घाटों के किनारे बांस के सूप, पारंपरिक ठेकुआ, नारियल, केला, ईख (गन्ना), सिंघाड़ा और तरह-तरह के मौसमी फलों से भरी सजी हुई ‘डाले’ (टोकरियां) श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रतीक बन रही थीं।
*भक्तिमय हुआ चन्दौली का कोना-कोना*
शाम ढलते ही महिलाएं और पुरुष व्रती कमर तक ठंडे पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को दूध और जल का अर्घ्य देने लगे। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप, पारंपरिक छठ गीतों और विशेषकर “केलवा जे फरेला घवद से, सुवा पढ़ावे ला…” जैसे मधुर गीतों की गूंज से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और भावुक हो उठा।
*कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन*
मान्यता है कि छठ व्रत करने से संतान की लंबी आयु, आरोग्य, सुख-समृद्धि और समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। अब सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय इस कठिन और पवित्र महापर्व का समापन होगा, जिसके बाद व्रती अपने परिजनों और सगे-सम्बन्धियों में प्रसाद वितरित करेंगे।











