
*बेमौसम बारिश ने किसानों की तोड़ी कमर, खेतों से खलिहानों तक धान की फसल बर्बाद होने की आशंका*
*बेमौसम बारिश ने किसानों की तोड़ी कमर, खेतों से खलिहानों तक धान की फसल बर्बाद होने की आशंका*
•~ लगातार बूंदाबांदी से खेतों में जलभराव, कटी धान की फसल भीगी; किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराया
*इण्डिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। मौसम के अचानक बदले मिजाज और लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र में शुक्रवार एवं शनिवार को लगातार हो रही बूंदाबांदी से धान की फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल से लेकर कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल तक बारिश की मार झेल रही है। इससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।बारिश के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल की कटाई प्रभावित हो गई है, वहीं हार्वेस्टिंग मशीनों का संचालन भी बाधित हो रहा है। खेतों में कटकर पड़ी धान की फसल लगातार भीगने से खराब होने की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे फसल के सड़ने और दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। वहीं, जिन किसानों ने धान की कटाई कर फसल खलिहानों में रखी थी, उन्हें भी बारिश के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है।किसानों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि पहले ही खेती की लागत, खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर भारी खर्च हो चुका है। ऐसे में तैयार फसल के खराब होने से उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ सकती है। लगातार बारिश के कारण कटाई, मड़ाई और फसल को सुरक्षित रखने का काम भी प्रभावित हो रहा है।बेमौसम बारिश का असर केवल खेती तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। पशु-पक्षियों के लिए भी प्रतिकूल परिस्थितियां पैदा हो गई हैं।किसानों की मांग है कि प्रशासन बारिश से प्रभावित कृषि क्षेत्र का तत्काल सर्वे कराकर फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराए तथा पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे अन्नदाताओं को कुछ राहत मिल सके।
*अब सवाल यह है कि मौसम की मार से बर्बाद होती किसानों की मेहनत पर प्रशासन कब संज्ञान लेगा और प्रभावित अन्नदाताओं को राहत कब मिलेगी?*











