
*जनगणना 2027 का आगाज! घर-घर पहुंच रहे गणनाकर्मी, परिवारों से पूछे जा रहे 40 सवाल*
*जनगणना 2027 का आगाज! घर-घर पहुंच रहे गणनाकर्मी, परिवारों से पूछे जा रहे 40 सवाल*
*इण्डिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता सेराज अहमद /अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। देश की आबादी, सामाजिक स्थिति और परिवारों की वास्तविक परिस्थितियों का सटीक आंकड़ा जुटाने के उद्देश्य से जनगणना 2027 के तहत स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही तहसील क्षेत्र के गांवों में गणनाकर्मियों की सक्रियता बढ़ गई है। कर्मचारी घर-घर पहुंचकर परिवार के मुखिया सहित प्रत्येक सदस्य से जुड़ी जानकारियां एकत्र कर रहे हैं। जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी हलचल देखने को मिल रही है।
जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से कुल 40 सवाल पूछे जा रहे हैं। इन सवालों के माध्यम से परिवार की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और व्यक्तिगत स्थिति से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं। इसमें परिवार के मुखिया का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मस्थान, जन्मतिथि, शैक्षिक योग्यता, व्यवसाय, स्थायी पता, बैंक खाते, मोबाइल नंबर, टीकाकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार नंबर, जाति और वैवाहिक स्थिति से संबंधित विवरण शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा विवाहित महिलाओं से प्रजनन संबंधी जानकारी भी मांगी जा रही है।
*जनगणना के आंकड़ों से तय होगी विकास की दिशा*
जनगणना केवल लोगों की गिनती करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, आवास, रोजगार और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में जनगणना से प्राप्त आंकड़ों की अहम भूमिका होती है। ऐसे में प्रत्येक परिवार की सही जानकारी दर्ज होना बेहद जरूरी है।
*नागरिक बरतें सतर्कता, दें सही जानकारी*
गणनाकर्मियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें तथा पूछे गए सवालों का सही और स्पष्ट जवाब दें, ताकि किसी भी सदस्य की जानकारी छूटने या गलत दर्ज होने की आशंका न रहे। साथ ही नागरिकों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय संबंधित गणनाकर्मी की पहचान और आधिकारिक प्रक्रिया की पुष्टि भी करनी चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक का पासवर्ड या गोपनीय वित्तीय जानकारी न दें।
*जनगणना में आपकी भागीदारी केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। सही जानकारी दें, जिम्मेदार नागरिक बनें और जनगणना अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान सुनिश्चित करें।*











