*निजी स्कूलों की महंगी किताबों का राज बताने में BSA कार्यालय नाकाम!*

*निजी स्कूलों की महंगी किताबों का राज बताने में BSA कार्यालय नाकाम!*
•~ RTI की लड़ाई में सोनभद्र के BSA पर ₹25 हजार जुर्माने की तलवार, सूचना आयोग ने किया तलब
•~ 21 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से होना होगा पेश, सूचना न देने पर ₹250 प्रतिदिन के हिसाब से लग सकता है अर्थदंड

*इण्डिया न्यूज़ लाइव टीवी जिला ब्यूरो प्रमुख सेराज अहमद/अवधेश कुमार गुप्ता*

सोनभद्र। निजी विद्यालयों में महंगी पाठ्यपुस्तकों की बिक्री, मनमाने मूल्य निर्धारण और विभागीय निगरानी से जुड़े सवालों का जवाब न देना अब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), सोनभद्र के लिए मुसीबत बनता नजर आ रहा है। सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई सूचनाएं निर्धारित समय में उपलब्ध न कराने के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने बीएसए को व्यक्तिगत रूप से तलब करते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर RTI अधिनियम की धारा 20(1) के तहत अधिकतम 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
यह मामला आर्यनगर, रॉबर्ट्सगंज निवासी एवं सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमान खान की ओर से उठाया गया है। उन्होंने 4 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन आरटीआई आवेदन संख्या DMOSB/R/2026/60152 के माध्यम से निजी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों के मूल्य निर्धारण, किताबों की बिक्री, विभागीय अनुमोदन और शुल्क निर्धारण अधिनियम के अनुपालन से संबंधित पांच महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रमाणित सूचनाएं मांगी थीं।बताया गया कि जिलाधिकारी कार्यालय ने 7 अप्रैल 2026 को आरटीआई अधिनियम की धारा 6(3) के तहत आवेदन बीएसए कार्यालय को स्थानांतरित कर दिया था। इसके बावजूद निर्धारित समयसीमा में सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। प्रथम अपील के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आवेदक ने 15 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग का दरवाजा खटखटाया और द्वितीय अपील दाखिल की।
*जांच के नाम पर पत्राचार, लेकिन आवेदक को नहीं मिली सूचना!*
द्वितीय अपील संख्या S07/A/1611/2026 एवं पंजीकरण संख्या A-20260701570 की सुनवाई सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम के सुनवाई कक्ष एस-7 में हुई। पत्रावली के अवलोकन के दौरान आयोग के संज्ञान में आया कि बीएसए कार्यालय की ओर से केवल खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए पत्र भेजा गया, जबकि आवेदक को मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।इस पर आयोग ने जन सूचना अधिकारी/बीएसए सोनभद्र को सभी पांचों बिंदुओं पर प्रमाणित सूचनाएं टेबुलर प्रारूप में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही सूचना देने में हुई देरी को लेकर जवाबदेही भी तय करने की दिशा में कड़ा रुख अपनाया।
*21 दिसंबर को आयोग के सामने देना होगा जवाब*
राज्य सूचना आयोग ने बीएसए को आगामी 21 दिसंबर 2026 को सुनवाई कक्ष एस-7 में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है। उन्हें स्पष्ट करना होगा कि आरटीआई आवेदन मिलने के बावजूद निर्धारित समयसीमा में आवेदक को सूचना क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई।आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो आरटीआई अधिनियम की धारा 20(1) के तहत प्रतिदिन 250 रुपये की दर से अधिकतम 25,000 रुपये तक का अर्थदंड लगाया जा सकता है।
*महंगी किताबों के कारोबार पर उठे सवाल, अभिभावकों को पारदर्शिता का इंतजार*
अमान खान का कहना है कि यह लड़ाई केवल एक आरटीआई आवेदन या व्यक्तिगत सूचना तक सीमित नहीं है। निजी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों के मूल्य निर्धारण, किताबों की बिक्री की व्यवस्था, विभागीय अनुमोदन और अभिभावकों से वसूले जाने वाले शुल्क की पारदर्शिता से हजारों परिवारों का हित जुड़ा हुआ है।अब बड़ा सवाल यह है कि निजी विद्यालयों में बिकने वाली महंगी किताबों के मूल्य निर्धारण और बिक्री व्यवस्था पर विभागीय निगरानी किस स्तर पर हो रही है? क्या अभिभावकों को किताबों की कीमत और बिक्री से संबंधित स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी? और सबसे अहम, आयोग के सामने बीएसए कार्यालय क्या स्पष्टीकरण प्रस्तुत करेगा?फिलहाल 21 दिसंबर की सुनवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। आरटीआई के इस मामले ने शिक्षा विभाग की जवाबदेही और निजी स्कूलों की किताबों की बिक्री में पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles