
*अनियंत्रित बोलेरो ने एक बालक समेत चार पशुओं को रौंदा,दो की मौत*
*अनियंत्रित बोलेरो ने एक बालक समेत चार पशुओं को रौंदा,दो की मौत*
बीजपुर/सोनभद्र (संदीप राय)
स्थानीय बीजपुर-सिरसोती मार्ग पर पुनर्वास प्रथम के पास रविवार को एक अनियंत्रित बोलेरो ने जमकर तांडव मचाया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि भागने के प्रयास में चालक ने चार गौ वंश को भी रौंद दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो जीप काफी तेज गति में थी।पुनर्वास प्रथम के पास वाहन ने कन्हैया (16) पुत्र अशोक पाल को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे रिहंद चिकित्सालय ले जाया गया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद किशोर की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।हादसे के बाद चालक ने पकड़े जाने के डर से वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी।भागने के चक्कर में कुछ ही दूरी पर उसने मार्ग पर खड़ी चार गौ वंश को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक घटना में एक गाय व एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।मृत पशु में एक बैल अंजनी वर्मा और गाय रामदास गौड़ की बताई जा रही है।दोनों घायल गायें रामसंजीवन गुप्ता की हैं।घटना के बाद आरोपी चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही में जुट गई है।थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बोलेरो गाड़ी कब्जे में ले ली गयी है चालक की तलाश की जा रही है हादसे के मामले में कड़ी कार्यवाई की जाएगी।











