
*बजरंग दल काशी प्रान्त सह संयोजक संदीप गुप्ता के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधि मंडल,बकरिहवाँ-बीजपुर सड़क निर्माण की मांग*
*बजरंग दल काशी प्रान्त सह संयोजक संदीप गुप्ता के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधि मंडल,बकरिहवाँ-बीजपुर सड़क निर्माण की मांग*
बीजपुर/सोनभद्र (संदीप राय )
बीजपुर से बखरिहवाँ तक खंडहर हो चुकी सड़क के निर्माण को लेकर शुक्रवार को बजरंग दल काशी प्रान्त के प्रान्त सह संयोजक संदीप गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात किया । इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने उप मुख्यमंत्री को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा और शीघ्र निर्माण की मांग की।
प्रतिनिधि मंडल में विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त सह समरसता प्रमुख राजेश सिंह, गौरक्षा प्रमुख विजय सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को बताया कि बीजपुर से बखरिहवां मार्ग पिछले लगभग पांच वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में है और पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग के निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार एनटीपीसी रिहंद परियोजना से अनुरोध किया गया, लेकिन वहां से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि सड़क को लोक निर्माण विभाग (PWD) को हैंडओवर किया जा चुका है। इसके अलावा जिलाधिकारी सोनभद्र एवं क्षेत्रीय सांसद को भी कई बार लिखित रूप में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
प्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण अब तक सैकड़ों लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं और भविष्य में भी जान-माल का खतरा बना हुआ है।अंत में उन्होंने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की जनता अत्यंत पीड़ित एवं परेशान है, ऐसे में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।उपमुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।











