
*डीएवी का है संदेश, स्वच्छ सुन्दर हो भारत देश*
*डीएवी का है संदेश, स्वच्छ सुन्दर हो भारत देश*
बीजपुर/सोनभद्र (संदीप राय )
डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी रिहंदनगर में।महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के विचार को सशक्त करते हुए स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आज 18 मई को भव्य स्वच्छता रैली निकली गई । सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अनन्त मोहन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दो अक्टूबर 2014 को शुरू किया गया स्वच्छ भारत अभियान एक राष्ट्रीय जन आंदोलन बन गया है। ‘ना गन्दगी करेंगे, ना गंदगी करने देंगे’ का मंत्र लोगों ने अपनाया है। यह अभियान भारतीयों के व्यवहार में बदलाव लाने और स्वच्छता को एक जीवन शैली बनाने का एक बड़ा प्रयास है। यह विशाल रैली स्वच्छता के प्रति जनचेतना को आगे बढ़ाने हेतु विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों एवं छात्रों के बीच स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अलख जगाना था। रैली में आठवीं कक्षा से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों ने हाथों में बैनर लिए ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’, ‘गंदगी हटाओ- देश बचाओ’, ‘डीएवी का है संदेश- स्वच्छ सुंदर हो भारत देश’, ‘भारत को विकसित करना है तो, स्वच्छता को अपनाना होगा’ , ‘एनटीपीसी का कहना है, स्वच्छता हमारा गहना है” आदि गगन भेदी नारे लगा रहे थे । एनसीसी कैडेट्स ने इस कार्यक्रम को आयोजित करने में विशेष भूमिका का निर्वहन किया। प्राचार्य राजकुमार ने अपने संबोधन में कहा, यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है; बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली आदत है। उन्होंने कहा स्वच्छता को हमें अपनाना होगा, तभी भारत विकसित हो
सकेगा। हमें बीमारियों से बचना है तो स्वच्छता उसका मूलाधार है। उन्होंने एनटीपीसी प्रबंधन को धन्यवाद दिया; जिसके सहयोग एवं प्रेरणा से यह अभियान टाउनशिप के अंदर चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विशेष रूप से भाग लिया। डॉ०आर के झा, विजय कुमार तिवारी, डॉ० राजेश कुमार श्रीवास्तव, जय सिंह, एसपी तिवारी, डीसी शुक्ला, सौरभ कुमार, रंजना सिंह, अरूण कुमार सिंह, शगुफ्ता शबनम, श्रद्धा ठाकरे, नम्रता चौधरी आदि के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।











