
*थाना बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने ठगी के 25 हजार रुपये कराये वापस*
*थाना बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने ठगी के 25 हजार रुपये कराये वापस*
बीजपुर/सोनभद्र (संदीप राय )
थाना बीजपुर की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के 25 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की सराहना की।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नेमना निवासी बबलू कुमार पुत्र गंगाप्रसाद के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने स्कैनर भेजकर उनसे 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा साइबर अपराध एवं अपराधियों के नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, क्षेत्राधिकारी दुद्धी के दिशा-निर्देशन तथा थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने NCRP पोर्टल पर शिकायत का अवलोकन कर ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित बैंक शाखा को रिपोर्ट भेजी गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद ठगी की पूरी धनराशि 25 हजार रुपये पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।धनराशि वापस मिलने पर आवेदक बबलू कुमार ने थाना बीजपुर की साइबर टीम के प्रति आभार जताते हुए उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।धनराशि वापस कराने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय, कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण एवं महिला कांस्टेबल निहारीका पाण्डेय शामिल रहीं।थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि साइबर अपराध की घटना होने पर पीड़ित घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर कॉल करें। साथ ही नजदीकी थाने में सूचना दें अथवा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।











