*गुरमा रामलीला मंच बना खुशियों का साक्षी, गूंजी शहनाई, दो गरीब बेटियों के हाथ हुए धूमधाम से पीले*

*गुरमा रामलीला मंच बना खुशियों का साक्षी, गूंजी शहनाई, दो गरीब बेटियों के हाथ हुए धूमधाम से पीले*

•~ राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ समेत सैकड़ों लोग बने विवाह के साक्षी, उपहारों और गृहस्थी के सामान के साथ नम आंखों से दी गई नवदंपतियों को विदाई

*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*

सोनभद्र। रामलीला के मंच पर जहां भगवान श्रीराम की लीलाओं से श्रद्धालु भक्ति और मर्यादा का संदेश ग्रहण करते हैं, वहीं गुरमा में इसी मंच ने दो गरीब बेटियों के जीवन में खुशियों के नए रंग भर दिए। आदर्श रामलीला कमेटी की अनूठी पहल पर रामलीला रंगमंच शहनाइयों की मधुर धुन, वैदिक मंत्रोच्चार और मांगलिक गीतों से गूंज उठा। यहां दो जरूरतमंद कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान माहौल खुशियों, उत्साह और भावुकता से सराबोर रहा। धार्मिक आयोजन के मंच से सामाजिक सेवा की ऐसी मिसाल पेश हुई, जिसने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित गुरमा रामलीला रंगमंच पर आयोजित इस विवाह समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
*दो जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, खुशियों से रोशन हुआ जीवन*
समारोह में मिर्जापुर जनपद के सतेशगढ़ निवासी अजय गौड़ का विवाह सोनभद्र के करमडाड़ निवासी बचिया गौड़ के साथ संपन्न हुआ। वहीं, सोनभद्र के खैरपुर निवासी महेंद्र ने बेलछ निवासी सोनी के साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी हुईं तो पूरा वातावरण मंगलगीतों और शुभकामनाओं से गूंज उठा।
*सिर्फ कन्यादान नहीं, गृहस्थी बसाने में भी निभाया साथ*
आदर्श रामलीला कमेटी ने दोनों नवदंपतियों को केवल विवाह के बंधन में ही नहीं बांधा, बल्कि उनके नए जीवन की शुरुआत को आसान बनाने के लिए भी सराहनीय पहल की। नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप साइकिल, बेड सेट, बक्सा, बर्तन, कपड़े और गृहस्थी में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इसके साथ ही नकद राशि देकर भी सहयोग किया गया, ताकि दोनों जोड़े अपने नए जीवन की शुरुआत बेहतर ढंग से कर सकें।उपहारों और गृहस्थी के सामान के साथ जब दोनों नवदंपतियों को विदाई दी गई तो समारोह में मौजूद लोगों के चेहरों पर खुशी और भावुकता के भाव दिखाई दिए। जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनकर कमेटी ने यह संदेश दिया कि समाज की सच्ची सेवा वही है, जिसमें किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का दीप जलाया जाए।
*धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी निर्वहन*
रामलीला मंच पर आयोजित यह विवाह समारोह धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर संगम बन गया। आयोजन ने यह साबित किया कि सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं यदि सेवा भावना के साथ आगे आएं तो जरूरतमंद परिवारों को सहारा देने के साथ समाज में सहयोग, संवेदना और भाईचारे की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।इस अनूठी पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। समारोह में लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
*ये गणमान्य लोग रहे मौजूद*
कार्यक्रम में आयोजक एवं अध्यक्ष गौतम यादव, राजकुमार मिश्रा, सत्यदेव पाण्डेय, मीनू चौबे, तेजधारी यादव, मुलायम सिंह यादव, अजय निषाद, चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली,बच्चा सिंह,हीरा पनिका, अमरनाथ, डा. भुआल शर्मा,मुखनाथ गिरी और ओमप्रकाश बादल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सैयद कुरैशी ने अपनी मधुर वाणी और प्रभावशाली अंदाज में किया।
गुरमा आदर्श रामलीला कमेटी की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि रामलीला केवल धार्मिक परंपरा का मंच नहीं, बल्कि मानवता, सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला माध्यम भी बन सकती है। दो बेटियों के घर बसाने की यह पहल क्षेत्र में सराहना का विषय बनी रही।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles