*मारकुंडी से गूंजा संचारी रोगों के खिलाफ जागरूकता का संदेश*

*मारकुंडी से गूंजा संचारी रोगों के खिलाफ जागरूकता का संदेश*
•~ 01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 12 अक्टूबर से शुरू होगा दस्तक अभियान
•~ स्वच्छता, साफ पानी और जनभागीदारी से संचारी रोगों पर वार करने का आह्वान

*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*

गुरमा,सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ गुरुवार को विकासखंड रॉबर्ट्सगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मारकुंडी के पंचायत भवन से किया गया। अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जबकि इसके तहत दस्तक अभियान का तृतीय चरण 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा।अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वच्छता और जनभागीदारी को अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
*डेंगू-मलेरिया से लेकर फाइलेरिया तक, घर-घर पहुंचेगा जागरूकता संदेश*
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को डेंगू, फाइलेरिया, मलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग और कुष्ठ रोग सहित विभिन्न संचारी रोगों के लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी देंगी। दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान कर जांच एवं उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।कार्यक्रम में “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है-संचारी रोगों को हराना है” का संदेश देते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने, स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करने तथा मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनने की अपील की गई।
*‘7 का वार’ से बचेंगे संचारी रोग*
जागरूकता सामग्री के माध्यम से लोगों को घर और आसपास सफाई रखने, साफ पेयजल पीने, जलभराव रोकने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने, व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण और बीमारियों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।
*ग्राम पंचायत स्तर पर भी दिखी व्यापक भागीदारी*
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सूरज सिंह यादव, ग्राम पंचायत सचिव बृजेश कुमार, मदन मोहन यादव, सुरेंद्र यादव, अमरनाथ पनिका, गोविंद भारती, शिवकुमार गिरी समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।अधिकारियों ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा, बाल विकास, नगर निकाय सहित सभी संबंधित विभागों और आम जनता की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। अभियान के दौरान साफ-सफाई, स्वास्थ्य जागरूकता और रोगों की समय से पहचान पर विशेष जोर दिया जाएगा।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles