
किसानों की मेहनत पर संकट। किसानों की पुकार—डीएम साहब, आखिर कब पूरी होगी हमारी धान बिक्री की प्रक्रिया?
किसानों की मेहनत पर संकट।
किसानों की पुकार—डीएम साहब, आखिर कब पूरी होगी हमारी धान बिक्री की प्रक्रिया?
अन्नदाता,बेमौसम बारिश की मार के बीच अब सत्यापन की बाधा ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें।
सोनभद्र( विनोद मिश्रा /अवधेश कुमार गुप्ता )
सरकार एक ओर किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर चकबंदी प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन खतौनी सत्यापन में कथित लापरवाही किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। पापी न्याय पंचायत व सलखन न्याय पंचायत की 15 ग्राम सभाओं के किसानों की धान बिक्री पर सत्यापन में देरी के चलते संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि किसान पिछले एक सप्ताह से चकबंदी कार्यालय का चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। करमा विकास खण्ड स्थित कसया,असना, कूसाही किसानों की मानें तो चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण हो गई राजस्व विभाग को बस्ता सौंप दिया गया वर्ष बीतने वाला फिर भी आन लाइन खतौनी नहीं हो सकी जिससे किसानों का धान बेजने के लिए पंजीयन नहीं हो पा रहा है ।इस सम्बन्ध में सदर तहसील एस डी एम आर के तिवारी ने कहा कि सम्बंधित लेखपालों को खतौनी आन लाइन करने के लिए कहा गया है। किसानों का आरोप है कि बार-बार कार्यालय पहुंचने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है। सत्यापन लंबित रहने के कारण उनकी धान बिक्री की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।प्रकृति की मार झेल रहे किसानों का धान तैयार, लेकिन बिक्री की राह में कागजी अड़ंगा!
किसानों के सामने दोहरी मार की स्थिति पैदा हो गई है। एक तरफ खेतों और खलिहानों में धान की उपज बिक्री के इंतजार में रखी है, वहीं दूसरी ओर बेमौसम बारिश ने पहले ही किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में यदि समय रहते ऑनलाइन खतौनी का सत्यापन नहीं हुआ तो किसानों को अपनी उपज बेचने में और देरी का सामना करना पड़ सकता है। इससे आर्थिक नुकसान की आशंका भी गहराने लगी है।
*एक सप्ताह से दौड़ रहे किसान, आखिर कब होगा समाधान?*
किसानों का कहना है कि सरकारी खरीद केंद्रों पर धान बेचने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए परेशान है। किसानों ने सवाल उठाया है कि जब शासन की ओर से धान खरीद की स्वीकृति मिल चुकी है, तो फिर सत्यापन में देरी के कारण अन्नदाताओं को क्यों परेशान होना पड़ रहा है? जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा आखिर किसान कब तक भुगतेंगे? किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।किसानों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ऑनलाइन खतौनी सत्यापन में हो रही देरी को तत्काल दूर कराया जाए तथा यदि किसी स्तर पर जानबूझकर लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित जिम्मेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
*अब देखना यह है कि किसानों की इस गंभीर समस्या पर जिला प्रशासन कब संज्ञान लेता है। किसानों को धान बिक्री में आ रही बाधा से कब तक निजात मिलती है।*











