
*वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; *
*वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; *
*चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो*
नौगढ़ (चंदौली): चन्दौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के जंगलों को अवैध अतिक्रमण से बचाने के लिए वन विभाग ने अपना रुख सख्त कर लिया है। मुख्यमंत्री आवास योजना की आड़ में वन क्षेत्र को हड़पने की कोशिशों पर लगाम लगाते हुए, रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभाग ने व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है।
*दो दर्जन नींव ध्वस्त:* मझगाई और जयमोहनी वनक्षेत्र के दानौगढा़, बसौली, गंगापुर समेत आधा दर्जन गांवों में मुख्यमंत्री आवास के लिए अवैध रूप से खोदी गई लगभग 24नींवों को वन विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से पाट दिया।
रेंजर अमित श्रीवास्तव ने खंड विकास अधिकारी अमित कुमार को पत्र लिखकर स्पष्ट किया कि “मुख्यमंत्री आवास योजना गरीबों को छत देने के लिए है, जंगल हड़पने का लाइसेंस नहीं।”
विभाग ने चेतावनी दी है कि वन भूमि पर निर्माण सामग्री (ईंट, बालू, गिट्टी) गिराए जाने पर उसे जब्त कर लिया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी।
रेंजर अमित श्रीवास्तव ने साफ किया कि जंगलों की सुरक्षा के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बिना किसी दबाव के अवैध निर्माणों को ढहाने का अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।











