
मोबाइल चलाने के पति-पत्नी के विवाद ने ली जान, लोहे की रॉड से वार में महिला की मौत
मोबाइल चलाने के पति-पत्नी के विवाद ने ली जान, लोहे की रॉड से वार में महिला की मौत
• देर रात झगड़े के बाद पति पर गंभीर हमले का आरोप, चार बच्चों से छिना मां का साया
सोनभद्र (विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )
बीजपुर क्षेत्र के महुआ वारी सीरसोती में देर रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां आरोप है कि कन्हैया जाटव ने अपनी पत्नी कुसुम जाटव के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। घटना रात्रि लगभग 12 बजे की बताई जा रही है, जब किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद परिजनों की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल को एनटीपीसी धन्वंतरी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान लगभग 1:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पति के साथ
ससुराल में रह रही थी और परिवार में दो बेटे व दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पति एनटीपीसी बीजपुर में एक निजी कंपनी में कारपेंटर का काम करता है। मामले में आगे की जांच जारी है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।











